लखनऊ में UP STF ने दबोचा अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर, 23 लाख की नेपाली चरस बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की टीम ने सोमवार को राजधानी के कृष्णानगर इलाके से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 4.645 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की कीमत लगभग 23 लाख रुपये आंकी जा रही है।

बैकुंठ धाम VIP रोड से हुई गिरफ्तारी

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि भारत-नेपाल सीमा के रास्ते चरस की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजी जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में टीम ने जाल बिछाया और बैकुंठ धाम वीआईपी रोड (थाना कृष्णानगर) के पास से अभियुक्त को उस समय दबोच लिया, जब वह खेप सप्लाई करने जा रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

नाम: रमजान उर्फ रिंकू

निवासी: नई सराय, थाना हसनगंज, जनपद उन्नाव।

नेपाल से बिहार-गोरखपुर होते हुए पहुंचा लखनऊ

पूछताछ में अभियुक्त ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह नेपाल के अलीगढ़वा निवासी दीपक नाम के व्यक्ति से चरस लेकर आया था। यह खेप नेपाल से पूर्वी चंपारण (बिहार) और गोरखपुर होते हुए लखनऊ पहुँची थी, जिसे लखनऊ और आसपास के जनपदों में सप्लाई किया जाना था।

पुराना अपराधी है रमजान उर्फ रिंकू

पकड़ा गया अभियुक्त रमजान कई वर्षों से इस काले कारोबार में लिप्त है। उसका एक संगठित गिरोह है जो नेपाल से मादक पदार्थ लाकर यूपी में खपाता है। इससे पहले भी साल 2014 में सिद्धार्थनगर के सोहरतगढ़ थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

बरामदगी का विवरण

4.645 किग्रा अवैध चरस (कीमत ₹23 लाख)

₹4670 नगद

01 मोबाइल और आधार कार्ड

एसटीएफ टीम ने अभियुक्त के खिलाफ थाना कृष्णानगर में मु0अ0सं0 167/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। आगे की कानूनी कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: Balrampur News: भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी पीडब्ल्यूडी की सड़क, हाथों से उखड़ रही गिट्टियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.