Basti News: एंबुलेंस में ही प्रसव के दौरान नवजात का धड़ से अलग हुआ सिर

Basti News: उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा अपने काम से ज्यादा कारनामों को लेकर चर्चा में बना रहता है। ताजा मामला प्रदेश के बस्ती जिले से सामने आया है। एंबुलेंस में प्रसव के दौरान नवजात का सिर उसके धड़ से अलग हो गया और प्रसूता के गर्भाशय में फंस गया। हालत बिगड़ने पर आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला।

बीते 8 अप्रैल को हुई इस घटना में प्रसूता के परिजनों ने कलवारी थाने में तहरीर दी है। फिलहाल प्रसूता की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह मामला इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है।

कलवारी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव के रहने वाले नीरज की पत्नी प्रेमा देवी गर्भवती थीं। उनका सात माह का गर्भ था। 8 अप्रैल की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें एंबुलेंस से बनरहा सीएचसी पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक 8 अप्रैल की सुबह प्रेमा देवी को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां एएनएम ने बिना जांच के दर्द का इंजेक्शन लगा दिया। इतना ही नहीं एंबुलेंस में प्रसव कराने का प्रयास किया गया। इस दौरान नवजात का सिर धड़ से अलग होकर गर्भाशय में फंस गया। इसके बाद गंभीर हालत में प्रसूता को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर शिशु का सिर बाहर निकाला।

प्रसूता के ससुर दुर्गा प्रसाद ने आरोप लगाया है कि एएनएम कुसुम ने बिना किसी जांच के गर्भवती को दर्द का इंजेक्शन लगा दिया। एंबुलेंस में ही प्रसव कराने का प्रयास किया। नवजात का पैर खींचा, जिससे उसका सिर और धड़ अलग हो गया। एएनएम और अन्य स्टाफ घबरा गए और महिला को रेफर कर दिया। दुर्गा प्रसाद ने एएनएम कुसुम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने बचाई जान

परिजन प्रसूता को लेकर पहले एक निजी अस्पताल गए, लेकिन स्थिति गंभीर देख वहां से मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कल्पना मिश्रा ने जांच कराई और नवजात का सिर गर्भाशय में फंसे होने की जानकारी होने पर डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन कर उसे बाहर निकाला। डॉक्टरों की तत्परता से प्रसूता की जान बच गई।

प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी कुदरहा डॉ. अश्वनी ने कहा, गर्भवती को लेकर लोग एंबुलेंस से पहुंचे थे। नवजात का पैर बाहर आ चुका था। हालत गंभीर देखकर गर्भवती को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया था। सीएचसी में प्रसव नहीं कराया गया है। कलवारी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: पाकिस्तान ने फिर कराई फजीहत, अमेरिका-ईरान वार्ता के बाद होटल का बिल नहीं चुका पाई शहबाज सरकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.