Hapur News: सड़क किनारे खड़ी 3 महिलाओं को कार ने रौंदा, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के हापुड़ जिले से गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बस का इंतजार कर रही तीन महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस घटना में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। जबकि एक महिला और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
यादव ढाबे के सामने हुआ हादसा
यह हृदयविदारक घटना मुर्शदपुर गांव के पास यादव ढाबे के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ महिलाएं और बच्चे सड़क के बीच बने डिवाइडर पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार इतनी तेज रफ्तार में आई कि वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
तीन परिवारों में पसरा मातम
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। बृजनाथपुर निवासी सितारा (52 वर्ष) और सरोज शर्मा (60 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गांव की ही शारदा (पत्नी लेखराम) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रूबी (पत्नी पवन) और उनका 6 वर्षीय पुत्र लविश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है।
Also Read: Siddharthnagar News: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से महिलाओं को मिलेगी नई राजनीतिक पहचान

