‘दम है तो गोरखपुर से लड़ें चुनाव’, स्मृति ईरानी का अखिलेश यादव को चैलेंज
Sandesh Wahak Digital Desk: महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद में शुरू हुई बहस अब यूपी के दो दिग्गज नेताओं स्मृति ईरानी और अखिलेश यादव के बीच तीखी बयानबाजी में तब्दील हो गई है। जहां एक ओर अखिलेश यादव द्वारा संसद में ‘सास-बहू’ सीरियल को लेकर तंज कसा। वहीं दूसरी ओर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर करारा पलटवार किया है।
“विरासत की राजनीति करने वाले कामकाजी महिला को न सिखाएं”
स्मृति ईरानी ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि जो लोग अपनी पहचान मेहनत से नहीं बल्कि विरासत से पाते हैं, उनके लिए कामकाजी महिलाओं पर टिप्पणी करना आसान होता है। स्मृति ने कहा, अगर आपमें इतना ही दमखम है, तो अपनी पैतृक सुरक्षित सीट (कन्नौज) छोड़कर गोरखपुर से चुनाव लड़कर दिखाएं। हमने तो कांग्रेस अध्यक्ष को उनके गढ़ (अमेठी) में हराया है, लेकिन आपमें इतना साहस नहीं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक गंभीर राजनेता के पास सीरियल देखने का वक्त नहीं होता। अखिलेश जी को सीरियल छोड़कर संसद के काम और महिला सशक्तिकरण बिल पर ध्यान देना चाहिए।
“जिन्होंने कभी नौकरी नहीं की, वे हमें क्या बताएंगे”
इससे पहले स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि जिन्हें राजनीति धरोहर में मिली, वे उन्हें याद कर रहे हैं जिन्होंने अपने दम पर आसमान में सुराख किया है। उन्होंने कहा कि टैक्स भरने वाली कामकाजी महिलाओं का अपमान करने के बजाय विपक्ष अपनी हार सुनिश्चित समझे।
अखिलेश यादव का शायराना पलटवार
स्मृति ईरानी के तीखे हमलों के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी ‘शायराना’ अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने बीजेपी की नीतियों और जुमलों पर तंज कसते हुए चार लाइनें साझा कीं:
“हर बात से अगर साजिश की बू आई न होती,
यकीन करते लोग अगर बात जुमलाई न होती,
दरअसल अगर अवाम से दोस्ती निभाई होती,
तो इतनी जल्दी विदाई की घड़ी आई न होती।”
सियासी पारा हाई: विदाई बनाम चुनौती
अखिलेश यादव ने अपने इस शेर के जरिए संकेत दिया कि जनता बीजेपी से दूर हो चुकी है और उनकी ‘विदाई’ का समय आ गया है। वहीं स्मृति ईरानी ने स्पष्ट कर दिया कि यूपी की राजनीति में अखिलेश का विपक्ष में बैठना तय है। आगामी चुनावों से पहले इन दो बड़े चेहरों के बीच इस टकराव ने सूबे का सियासी माहौल पूरी तरह गर्मा दिया है।
Also Read: Sambhal News: खेल के मैदान पर बनी 35 फीट ऊंची मीनार जमींदोज, डीएम-एसपी की मौजूदगी में चला अभियान

