महिला आरक्षण के बहाने विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, बोले- इंडी गठबंधन ने किया नारी शक्ति का चीरहरण
Lucknow News: महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद में हुए हंगामे और विपक्ष के कड़े विरोध के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष का आचरण बिल्कुल वैसा ही था जैसे द्रौपदी का चीरहरण हुआ हो। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहीं, जिन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके सहित पूरे इंडी गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा, विपक्ष नहीं चाहता कि देश की बेटियों को उनका स्वाभाविक अधिकार मिले। वे केवल अपने परिवार का पोषण करना और जनता को लूटना जानते हैं।
सपा द्वारा मुस्लिम आरक्षण की मांग पर सीएम ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने धर्म आधारित आरक्षण को सिरे से खारिज किया था। कांग्रेस पर शाहबानो प्रकरण और ट्रिपल तलाक कानून के विरोध का उदाहरण देते हुए उन्होंने विपक्ष को उनके पाप याद दिलाए। विपक्ष 2034 के बजाय 2029 में आरक्षण लागू करने की मांग तो करता है, लेकिन संसद में इसे पारित होने देने में बाधक बनता है।
पीएम मोदी की चार जातियां और नारी सशक्तिकरण
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए केवल चार ही जातियां हैं- नारी, गरीब, युवा और किसान। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की सफलताओं का उल्लेख किया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालयों और उज्ज्वला योजना (11 करोड़ परिवार) ने महिलाओं के स्वास्थ्य में क्रांतिकारी सुधार किया है। यूपी में एक करोड़ से ज्यादा महिलाएं आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी हैं। एमएसएमई और स्टार्टअप्स में आधी हिस्सेदारी महिलाओं की है। यूपी पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर अब 44 हजार हो गई है।
माफी मांगे इंडी गठबंधन
सीएम योगी ने अंत में कहा कि वर्तमान में संसद में महिलाओं की संख्या 15% है, जिसे पीएम मोदी 50% तक ले जाना चाहते हैं। उन्होंने मांग की कि इंडी गठबंधन को नारी शक्ति के प्रति अपने दुर्व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। पूरा उत्तर प्रदेश अपनी आधी आबादी के साथ मजबूती से खड़ा है।
Also Read: आजमगढ़ का 50 हजार का इनामी विकास सोरण हरियाणा से गिरफ्तार

