दवा का व्यवसाय केवल व्यापार नहीं, जनसेवा का दायित्व भी है: जगदंबिका पाल
Siddharthnagar News: स्वस्थ समाज के निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में दवा विक्रेताओं की भूमिका बेहद अहम है। यह विचार डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी होटल में आयोजित केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन के दौरान व्यक्त किए।
व्यापारियों की समस्याओं पर सांसद का रुख
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद जगदंबिका पाल ने दवा व्यवसाय से जुड़ी विसंगतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, संगठन द्वारा उठाई गई समस्याओं और तकनीकी बाधाओं को शासन व संबंधित विभागों तक पहुँचाकर उनका स्थायी समाधान कराया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि दवा व्यापार सीधे तौर पर मानवीय जीवन से जुड़ा है, इसलिए गुणवत्ता और नियमों का पालन करना हर व्यापारी का नैतिक कर्तव्य है।

शिक्षित समाज और दक्ष युवाओं की आवश्यकता
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव सुरेश गुप्ता ने लाइसेंस प्रक्रिया में सरलीकरण, निरीक्षण व्यवस्था में सुधार और नकली दवाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि केवल व्यवसाय करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और बदलते नियमों के प्रति दक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के बीच ‘शिक्षित समाज’ ही विकास की असली चाबी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता और मुख्य उपस्थिति
अधिवेशन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम चंद्र गुप्ता ने की और संचालन मुश्ताक अहमद द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विनय कुमार नायक, आलोक कुमार द्विवेदी और कौशलेंद्र त्रिपाठी सहित कई वक्ताओं ने दवा व्यापारियों के हितों पर अपने विचार रखे।
अधिवेशन में जिला महामंत्री शैलेश कुमार पांडेय, संजय यादव, राजेश अग्रवाल, अवधेश मिश्रा, ऋषभ जैन, शैलेंद्र मोदनवाल, अजय श्रीवास्तव और बड़ी संख्या में जनपद के केमिस्ट व ड्रगिस्ट शामिल रहे। अंत में सभी ने एकजुट होकर दवा व्यवसाय की गरिमा बनाए रखने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: UP में माहौल बिगाड़ने की साजिश, शाहजहाँपुर और गाजियाबाद में आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी, भारी तनाव

