UP में माहौल बिगाड़ने की साजिश, शाहजहाँपुर और गाजियाबाद में आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी, भारी तनाव
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर और गाजियाबाद जनपदों में शरारती तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। इन घटनाओं के बाद दोनों जिलों में तनाव फैल गया। शाहजहाँपुर में आक्रोशित ग्रामीणों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, वहीं गाजियाबाद में नई प्रतिमा स्थापित करने के आश्वासन के बाद स्थिति को संभाला गया।
शाहजहाँपुर: राजपुर नगला में आधी रात को बवाल
शाहजहाँपुर के राजपुर नगला गांव में शनिवार रात करीब 9:30 बजे असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। ज्ञात हो कि इसी साल 7 अप्रैल को प्रतिमा स्थापित की गई थी और 14 अप्रैल को धूमधाम से जयंती मनाई गई थी। प्रतिमा टूटी मिलने पर ग्रामीण भड़क उठे और हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध बढ़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इस दौरान कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटा दिया है और गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है। ग्राम प्रधान समेत कई लोगों पर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
गाजियाबाद: लोनी में हाईवे जाम, संदिग्ध हिरासत में
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में भी रविवार सुबह बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने लोगों को शांत कराया। उन्होंने घोषणा की कि नई प्रतिमा मंगा ली गई है और उसे जल्द स्थापित किया जाएगा। विधायक ने इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ रासुका (NSA) लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
Also Read: ‘धुरंधर’ की तारीफ, लेकिन ‘शक्तिमान’ में एंट्री नहीं, मुकेश खन्ना ने रणवीर सिंह को क्यों किया रिजेक्ट

