प्रियंका ही चला सकती हैं कांग्रेस, राहुल गांधी के बस की बात नहीं, तेज प्रताप यादव का बड़ा हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार की राजनीति के मुखर चेहरे तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस के नेतृत्व संकट को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता को सिरे से खारिज करते हुए पार्टी की कमान प्रियंका गांधी को सौंपने की वकालत की है।

पटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस का भविष्य केवल प्रियंका गांधी के हाथों में सुरक्षित है। तेज प्रताप ने कहा, कांग्रेस को सिर्फ प्रियंका गांधी ही चला सकती हैं, उनमें इंदिरा गांधी जैसी छवि और क्षमता है। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, राहुल गांधी से पार्टी चलने वाली नहीं है। केवल यात्राएं करने या बुलेट पर बैठने से राजनीति नहीं होती। राहुल गांधी का आखिर मकसद क्या है?

नीतीश और बिहार के संदर्भ में घेरा

तेज प्रताप का यह बयान राहुल गांधी द्वारा नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी के जवाब में आया है। राहुल ने हाल ही में नीतीश कुमार को समझौता किया हुआ नेता कहा था। इस पर पलटवार करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि नीतीश कुमार के हटने के बाद अब सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन गए हैं, लेकिन राहुल गांधी की रणनीति अब भी दिशाहीन है।

तेज प्रताप के इस बयान ने कांग्रेस के भीतर चल रहे पुराने घावों को फिर से हरा कर दिया है। इसी साल जनवरी में पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने भी राहुल गांधी पर तानाशाही का आरोप लगाया था। शकील अहमद ने दावा किया था कि राहुल उन वरिष्ठ नेताओं के साथ असहज रहते हैं जो उन्हें अपना ‘बॉस’ नहीं मानते। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण खुद को श्रेष्ठ मानते हैं और वरिष्ठों को हाशिये पर डाल रहे हैं।

कांग्रेस के लिए बढ़ती चुनौतियां

तेज प्रताप यादव और शकील अहमद जैसे नेताओं के ये बयान संकेत देते हैं कि कांग्रेस के नेतृत्व को लेकर न केवल पार्टी के भीतर, बल्कि बाहरी सहयोगी दलों में भी भारी संशय है। प्रियंका गांधी को आगे करने की मांग अब राजनीतिक गलियारों में और तेज होने लगी है, जो राहुल गांधी के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

Also Read: अमेरिकी नौसेना ने ईरानी जहाज पर की गोलीबारी, किया जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.