Siddharthnagar News: शोहरतगढ़ में मनोनीत सभासदों ने ली शपथ, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत
Siddharthnagar News: आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ में शनिवार को दोहरे उल्लास का माहौल रहा। यहां मनोनीत सभासदों के शपथ ग्रहण समारोह के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य के भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर नव-नियुक्त सदस्यों को बधाई दी।

शपथ ग्रहण और जिलाध्यक्ष का अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत शोहरतगढ़ के नव-नियुक्त मनोनीत सभासदों को उनके पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात, जनपद के नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य का जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर अपनी खुशी का इजहार किया।
“नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक पहल”
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) पर चर्चा करते हुए कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति में 33% आरक्षण देने की पहल ऐतिहासिक है। इससे देश के नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।”
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना और पीएम आवास योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया है। अब सरकार का लक्ष्य महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।

इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमा अग्रवाल और अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान साधना चौधरी, राजेश पाठक, पवन मिश्रा, रामसेवक चौहान, शिव शक्ति शर्मा, फतेह बहादुर सिंह, आशीष शुक्ला, फूलचंद जायसवाल, नर्वदेश्वर मनी और शिवपूजन वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: ARTO की वाहन चालकों से अपील, बोले- बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं

