Siddharthnagar News: ARTO की वाहन चालकों से अपील, बोले- बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएं
Siddharthnagar News: जिलाधिकारी के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की बैठक एवं सड़क सुरक्षा गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा की अध्यक्षता और एआरटीओ संजय कुमार सिंह की उपस्थिति में हुई इस गोष्ठी में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और चालकों की जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया।

5 साल का अनुभव और वैध लाइसेंस अनिवार्य: एसडीएम
गोष्ठी को संबोधित करते हुए एसडीएम विवेकानन्द मिश्रा ने स्कूली वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट इंचार्ज को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल वैध व्यवसायिक लाइसेंस होने से काम नहीं चलेगा, स्कूली वाहन चलाने के लिए चालक के पास कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है।
वाहन सड़क पर उतारने से पहले उसका बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, परमिट और फिटनेस जैसे सभी दस्तावेजों का वैध होना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा उपकरणों से लैस हों स्कूली बसें
एआरटीओ संजय कुमार सिंह ने तकनीकी सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने आग्रह किया कि वाहनों में अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस और स्पीड लिमिट डिवाइस हमेशा चालू हालत में होने चाहिए। आपातकालीन द्वार (Emergency Door) के संचालन में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए।
“देश का भविष्य आपके हाथों में”
वाहन चालकों को प्रेरित करते हुए एआरटीओ ने एक भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा— “आप सिर्फ गाड़ी नहीं चला रहे हैं, बल्कि देश का भविष्य आपके हाथों में सुरक्षित है। आपकी एक छोटी सी सावधानी कई नन्हीं जिंदगियां बचा सकती है।” इसी प्रभावशाली स्लोगन के साथ बैठक का समापन हुआ।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर एआरटीओ कार्यालय से अमित पांडे, शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक और बड़ी संख्या में बस चालक व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: Chandauli News: 1.28 करोड़ के GST घोटाले की शिकायत पर बवाल, ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप

