कुशीनगर: जिलाधिकारी ने लॉन्च किया जनता दर्शन ऐप, अब 5 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान

पडरौना (कुशीनगर): जनपद में आम जनता की समस्याओं के निस्तारण को और भी तेज और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। सिविल सेवा दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने “जनता दर्शन ऐप” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस ऐप के आने से अब फरियादियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

निस्तारण की रफ्तार: 20 दिन का काम अब 3-5 दिनों में

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस ऐप का सबसे बड़ा लाभ समय की बचत के रूप में मिलेगा। पूर्व में जिन शिकायतों के निस्तारण में औसतन 15 से 20 दिन लगते थे, अब इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से उन्हें 3 से 5 दिनों के भीतर हल करने का लक्ष्य रखा गया है। शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होने से अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और फाइलें दफ्तरों में धूल नहीं फांकेंगी।

पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक का संगम

डीएम ने जानकारी दी कि “जनता दर्शन ऐप” प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा। इस ऐप का निर्माण ‘दुर्गा फाउंडेशन’ की टीम द्वारा किया गया है। इसे आधुनिक तकनीक से इस तरह बनाया गया है कि अधिकारी और कर्मचारी बहुत ही आसानी से शिकायत दर्ज कर सकेंगे और उसे ट्रैक कर निस्तारित कर पाएंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक रूप से इस ऐप को एक माह तक ट्रायल बेसिस पर चलाया जाएगा, ताकि इसके प्रदर्शन को और बेहतर किया जा सके।

जवाबदेही और गुणवत्ता पर जोर

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान होना चाहिए।

“जनता दर्शन ऐप प्रशासन को आमजन के प्रति अधिक संवेदनशील और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।”

महेंद्र सिंह तंवर, जिलाधिकारी कुशीनगर

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ताइक्वॉन्डो प्रीमियर लीग: दिल्ली वॉरियर्स के सिर सजा जीत का ताज, बंगाल टाइगर्स रही उपविजेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.