ताइक्वॉन्डो प्रीमियर लीग: दिल्ली वॉरियर्स के सिर सजा जीत का ताज, बंगाल टाइगर्स रही उपविजेता

Sandesh Wahak Digital Desk: हैदराबाद में आयोजित ‘ताइक्वॉन्डो प्रीमियर लीग’ (TPL) सीजन-2 में देशभर की दिग्गज टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पुरुष वर्ग के 63-68 किग्रा. भार वर्ग में दिल्ली वॉरियर्स ने अपने आक्रामक खेल के दम पर खिताब पर कब्जा जमाया, वहीं पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान की टीम बंगाल टाइगर्स उपविजेता बनकर उभरी।

निजाम और मंत्रियों की मौजूदगी में हुआ महामुकाबला

लखनऊ के अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वॉन्डो मास्टर मोहम्मद नदीम ने बताया कि 18-19 अप्रैल को हैदराबाद में आयोजित इस लीग का उद्घाटन तेलंगाना के श्रम मंत्री विवेक वेंकटस्वामी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हैदराबाद के 9वें निजाम नवाब रौनक यार खान मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

लखनऊ के दिग्गजों का रहा दबदबा

प्रतियोगिता में लखनऊ के खेल प्रेमियों के लिए गौरव की बात यह रही कि कई टीमों का मार्गदर्शन यहीं के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने किया।

दिल्ली वॉरियर्स: ओनर श्याम भाई पटले और मेंटर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम चैंपियन बनी।

बंगाल टाइगर्स: अंतर्राष्ट्रीय मास्टर मोहम्मद नदीम इस टीम के मेंटर रहे, जो रनर-अप रही।

गुजरात थंडर: पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरिओम मिश्रा (लखनऊ) ने मेंटर की भूमिका निभाई।

महाराष्ट्र एवेंजर्स: पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आशुतोष कुमार (लखनऊ) ने टीम को प्रशिक्षित किया।

लीग में नॉर्थ ईस्ट हीरोज और तेलंगाना राइजर्स जैसी टीमों ने भी कड़ा मुकाबला पेश किया, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय मार्शल आर्ट्स देखने को मिला।

अब मिशन मनीला: जून में ग्लोबल लीग की तैयारी

आयोजन सचिव डुबरी गणेश ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आगामी जून माह में मनीला (फिलीपींस) में ‘ग्लोबल ताइक्वाॅन्डो प्रीमियर लीग’ सीजन-1 का आयोजन होगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय टीम अपनी चुनौती पेश करेगी, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।

यह आयोजन भारतीय ताइक्वाॅन्डो को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो रहा है।

Also Read: UP Politics: अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर और भ्रष्टाचार को लेकर खड़े किए ये अहम सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.