पहलगाम हमले की पहली बरसी पर पीएम मोदी बोले- आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा भारत
Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले वर्ष आज ही के दिन पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने पूरे देश को जख्म दिए थे। आज उस आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीड़ितों और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में दुनिया को संदेश दिया कि भारत अब आतंकवाद के सामने झुकने वाला नहीं है और बलिदानियों का त्याग व्यर्थ नहीं जाएगा।
Remembering the innocent lives lost in the gruesome Pahalgam terror attack on this day last year. They will never be forgotten. My thoughts are also with the bereaved families as they cope with this loss.
As a nation, we stand united in grief and resolve. India will never bow to…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 22, 2026
प्रधानमंत्री का संदेश: “देश कभी नहीं भूलेगा यह बलिदान”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। भारत कभी भी किसी भी रूप में आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। आतंकियों के घिनौने मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
लिद्दर नदी के किनारे बना ‘शौर्य स्मारक’
हमले के पीड़ितों की याद में पहलगाम में लिद्दर नदी के तट पर काले संगमरमर से एक भव्य स्मारक बनाया गया है। इस स्मारक पर हमले में जान गंवाने वाले सभी नागरिकों और जवानों के नाम अंकित किए गए हैं। बुधवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा यहाँ एक विशेष सभा आयोजित की गई, जहां स्थानीय लोगों और देश-दुनिया से आए पर्यटकों ने भी नम आंखों से शहीदों को नमन किया।
सुरक्षा का कड़ा पहरा: छावनी में तब्दील हुई घाटी
बरसी के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। बैसरन घाटी और पहलगाम के मुख्य इलाकों में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मंगलवार से ही उच्च अधिकारियों ने अलग-अलग जिलों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाटी में आने-जाने वाले हर वाहन और संदिग्ध की सघन तलाशी ली जा रही है।
22 अप्रैल 2025: वो काला दिन
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पहलगाम में निहत्थे नागरिकों को निशाना बनाकर हमला किया था। इस घटना के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों को और अधिक आक्रामक बना दिया, जिसके परिणामस्वरूप कई बड़े आतंकी कमांडरों का सफाया किया जा चुका है।
Also Read: सुलतानपुर में आज गरजेगा आसमान, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना रनवे, सुखोई और मिराज दिखाएंगे दम

