जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, 7 मई से शुरू होगा स्वगणना अभियान

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जनगणना-2027 के कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विशेष रूप से 7 मई से 21 मई 2026 तक चलने वाले स्वगणना अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों के प्रमुखों को अपने अधीन कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनिवार्य स्वगणना सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके लिए प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। नगर निगम के सभी 110 वार्डों के पार्षदों का चरणबद्ध प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों का मार्गदर्शन कर सकें।

शिक्षा संस्थान और हाउसिंग सोसाइटीज पर विशेष ध्यान

अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिलाधिकारी ने बहुआयामी रणनीति तैयार की है। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों और विश्वविद्यालयों में कार्यशालाएं और गोष्ठियां आयोजित कर विद्यार्थियों व अभिभावकों को प्रेरित करें। हाउसिंग सोसाइटीज़ और सरकारी कॉलोनियों में विशेष टीमें घर-घर जाकर तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगी। आरडब्ल्यूए (RWA), आईएमए (IMA), व्यापारिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, 7 मई से शुरू होगा स्वगणना अभियान

तकनीकी माध्यमों से प्रचार-प्रसार

जनगणना संदेशों को प्रसारित करने के लिए शहर के बुनियादी ढांचे का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम की एलईडी स्क्रीनों और आईटीएमएस (ITMS) के पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से संदेश प्रसारित होंगे। मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में फिल्म शुरू होने से पहले जागरूकता वीडियो दिखाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में उपजिलाधिकारी और नगर क्षेत्रों में अपर जिलाधिकारी प्रतिदिन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता का निरीक्षण करेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, एडीएम (एफआर) राकेश सिंह और जनगणना निदेशालय के अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Also Read: UP Home Guard Exam: एडमिट कार्ड डाउनलोड होना शुरू, जानिए आपकी परीक्षा का कब आएगा नंबर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.