पीएम मोदी पर खरगे की टिप्पणी को बृजेश पाठक ने बताया दुखद तो केशव मौर्या ने कहा- यह 140 करोड़ भारतीयों का अपमान
Lucknow News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में उबाल आ गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने बुधवार को बयान जारी कर कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया और इसे घटिया राजनीति का चरम बताया।
कांग्रेस का भविष्य अंधकार में: केशव प्रसाद
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता बार-बार प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर अपनी मानसिकता दर्शा रहे हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री को आतंकी कहना केवल मोदी जी का नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है। खरगे को इसके लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
मौर्य ने कहा कि कांग्रेस को पीएम मोदी का पद पर बने रहना बर्दाश्त नहीं हो रहा है। उन्होंने हालिया चुनावी जीत (हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली) का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल चुनाव जीतने जा रही है और 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
संवैधानिक गरिमा को पहुंचाई चोट: ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, पहले कांग्रेस केवल संस्थाओं पर सवाल उठाती थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री जैसे उच्च पद के लिए अमर्यादित भाषा का उपयोग कर रही है। यह लोकतंत्र के लिए दुखद है। पाठक ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को इस अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
Also Read: Lucknow News: मेयर आवास के बाहर सपा का प्रदर्शन, घर पर पोती कालिख, नेमप्लेट पर मारी चप्पल

