पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद का प्रदर्शन, खरगे से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग
Lucknow News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने के विरोध में बुधवार को राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यालय पर एकत्रित होकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खरगे के पोस्टर फाड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए खरगे के बयान को देश की अस्मिता पर चोट बताया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के लिए इस प्रकार की ओछी भाषा का प्रयोग न केवल उनका अपमान है, बल्कि देश के 142 करोड़ नागरिकों की भावनाओं को आहत करना है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हताशा में अपने राजनीतिक स्तर को लगातार गिरा रही है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।

व्यापक आंदोलन की चेतावनी
गोपाल राय ने कांग्रेस अध्यक्ष से दो टूक शब्दों में मांग की। उन्होंने कह कि मल्लिकार्जुन खरगे प्रधानमंत्री और पूरे देश से अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। यदि शीघ्र माफी नहीं मांगी गई, तो संगठन देशभर में व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा।
नारी शक्ति और जनभावनाओं का मुद्दा
प्रदर्शन के दौरान गोपाल राय ने कांग्रेस पर अन्य मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नारी वंदन अधिनियम जैसे जनहितैषी विषयों पर कांग्रेस का विरोधी रुख उनके जनविरोधी होने का प्रमाण है। इस तरह की राजनीति लोकतंत्र की साख को कमजोर कर रही है। इस अवसर पर बॉबी गुप्ता, राजेश सोनी, संग्राम सिंह, मानसी गुप्ता, ओम शंकर गुप्ता, कार्तिक माथुर, ममता चौधरी, अनिल यादव, निर्भय सिंह, शुभम मौर्या और मुकेश तिवारी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

