हनीट्रैप के जाल में व्यवसायी को फंसाने के आरोप में महिला क्रिकेटर और भाई गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर टी-20 लीग से जुड़ी महिला क्रिकेटर फरखंदा खान (30), उसके भाई बाजिल खान (27) और उनके सहयोगी उद्दीन इम्तियाज वानी (22) को गिरफ्तार किया है। इन पर कोलाबा के एक व्यवसायी को ब्लैकमेल कर भारी रकम वसूलने का गंभीर आरोप है।

पुलिस जांच के अनुसार, घटना की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई। शिकायतकर्ता व्यवसायी की मुलाकात फरखंदा खान से मुंबई के पश्चिमी उपनगर में रहने के दौरान हुई थी। मोबाइल चैट के जरिए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि फरखंदा ने व्यवसायी के साथ आपत्तिजनक बातचीत शुरू की और बाद में उसे अपने भाई और सहयोगी वानी से मिलवाया। अप्रैल 2024 में फरखंदा ने पैसों की मांग शुरू की। मना करने पर आरोपियों ने निजी चैट और स्क्रीनशॉट सार्वजनिक करने की धमकी दी।

63.61 लाख रुपये की वसूली

डर के मारे व्यवसायी ने आरोपियों को दो चरणों में बड़ी रकम ट्रांसफर की। अप्रैल 2024 से जनवरी 2026 के बीच 32 किस्तों में 23.61 लाख रुपये फरखंदा के खाते में भेजे गए। जब आरोपियों ने जेल भेजने और गंभीर परिणामों की धमकी दी, तो व्यवसायी ने जनवरी 2026 में ₹40 लाख अतिरिक्त ट्रांसफर किए। जांच में पता चला कि इस रकम का एक बड़ा हिस्सा सहयोगी वानी और फरखंदा के पिता अब्दुल अजीज खान के खातों में भी गया।

व्यवसायी की शिकायत के बाद वेस्ट रीजन साइबर पुलिस स्टेशन ने जाल बिछाया। फरखंदा और उसके भाई को दिल्ली के एक होटल से पकड़ा गया, जबकि तीसरे आरोपी वानी को श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308 (जबरन वसूली), 351 (आपराधिक धमकी) और आईटी एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Also Read: कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग जारी, बूथों पर मतदाताओं की उमड़ी भीड़

Get real time updates directly on you device, subscribe now.