गिरते शेयरों के बीच Maruti Suzuki पर LIC का बड़ा दांव, बढ़ाई अपनी हिस्सेदारी

Sandesh Wahak Digital Desk : देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र की दिग्गज कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया में अपना निवेश बढ़ाते हुए हिस्सेदारी 5 प्रतिशत के पार पहुंचा दी है।

कंपनी की ओर से शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, LIC ने खुले बाजार से 51,750 अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं, जिसके बाद उसकी हिस्सेदारी 4.989 प्रतिशत से बढ़कर 5.006 प्रतिशत हो गई है।

इस सौदे की अनुमानित कीमत करीब 68 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सेबी के नियमों के तहत किसी सूचीबद्ध कंपनी में 5 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी होने पर निवेशक को इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी होती है। यही वजह है कि LIC की यह खरीदारी बाजार में चर्चा का विषय बन गई है।

शेयरों में कमजोरी के बावजूद जताया भरोसा

दिलचस्प बात यह है कि LIC ने ऐसे समय में मारुति सुजुकी में निवेश बढ़ाया है जब कंपनी के शेयर दबाव में रहे हैं। मारुति सुजुकी का शेयर पिछले एक महीने में करीब 3 प्रतिशत कमजोर हुआ है, जबकि वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें लगभग 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए कंपनी का प्रदर्शन अभी भी मजबूत माना जा रहा है। पिछले एक वर्ष में शेयर ने करीब 8 प्रतिशत, तीन वर्षों में 36 प्रतिशत और पांच वर्षों में 80 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि LIC जैसी बड़ी संस्थागत निवेशक का हिस्सेदारी बढ़ाना कंपनी के दीर्घकालिक भविष्य में विश्वास का संकेत माना जाता है। ऐसे निवेशकों के फैसलों पर बाजार की विशेष नजर रहती है क्योंकि वे आमतौर पर लंबी अवधि के दृष्टिकोण से निवेश करते हैं।

नई तकनीक और भविष्य की रणनीति पर नजर

LIC की हिस्सेदारी बढ़ाने की खबर ऐसे समय आई है जब मारुति सुजुकी ने देश की पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार ‘वैगनआर फ्लेक्स फ्यूल’ लॉन्च की है। कंपनी का कहना है कि यह तकनीक आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा बाजार उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत की सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता कंपनी में LIC का निवेश बढ़ाना इस बात का संकेत है कि संस्थागत निवेशक मारुति सुजुकी की दीर्घकालिक विकास क्षमता और भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार की संभावनाओं को लेकर अब भी आशावादी हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.