Siddharthnagar News: तहसील समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 50 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को सिद्धार्थनगर जनपद की डुमरियागंज तहसील में सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों आला अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर आम जनता की दिक्कतों को सुना और उनके निराकरण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा और आपूर्ति जैसे विभिन्न महकमों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस की शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित और गंभीर मामलों की सत्यता परखने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की विशेष टीमें गठित कीं और उन्हें मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया।

तहसील समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 50 शिकायतों में 6 का मौके पर निस्तारण

लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े लहजे में निर्देशित किया कि तहसील समाधान दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली जनशिकायतों का समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, शिकायतों की जांच के दौरान शिकायतकर्ता और विपक्षी, दोनों पक्षों की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए ताकि कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष हो। अगर किसी भी विभाग में कोई मामला बिना वजह लंबित पाया गया, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस बार समाधान दिवस में कुल 50 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें सबसे ज्यादा 35 मामले राजस्व विभाग के थे। इसके अलावा पुलिस विभाग के 8, विकास खंड के 2 और अन्य विभागों के 5 मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए राजस्व से जुड़े 6 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। वहीं, शेष 44 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को अधिकतम तीन दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने की समय-सीमा दी है।

इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में डीएफओ नीला एम, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता विवेक राय और विद्युत विभाग के अधिकारियों समेत तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर पवन सिंह बोले- भाजपा मेरी मां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.