बंगाल की राजनीति में एक और हलचल, ममता ने इस पद से की Saayoni Ghosh की छुट्टी
West Bengal Politics: TMC में जारी सियासी हलचल के बीच पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन में व्यापक फेरबदल करते हुए सायोनी घोष (Saayoni Ghosh) को तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटा दिया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पार्टी के भीतर असंतोष और गुटबाजी की चर्चाएं तेज हैं।
सायोनी घोष एक समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamta Banerjee) और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी की करीबी नेताओं में गिनी जाती थीं। हालांकि हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बीच उनके खिलाफ कार्रवाई ने बंगाल की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
कोलकाता में ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की वर्किंग कमेटी बैठक में कई अहम संगठनात्मक फैसले लिए गए। बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने बताया कि विभिन्न पदों पर बदलाव करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी क्रम में वरिष्ठ नेता सुदीप बंद्योपाध्याय को कोलकाता उत्तर इकाई के अध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह कुणाल घोष को जिम्मेदारी दी गई। वहीं माला रॉय को भी वर्किंग कमेटी से बाहर कर दिया गया। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठन को मजबूत करने और मौजूदा परिस्थितियों से निपटने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।
संगठन में बड़े बदलाव
TMC की वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने बताया कि कुछ नेताओं के इस्तीफे और संगठनात्मक जरूरतों को देखते हुए नई नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि सौगत रॉय और ज्योतिप्रिय मल्लिक को वर्किंग कमेटी में शामिल किया गया है, जबकि कई पदों पर नए चेहरे लाए गए हैं।
इस बीच वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय की दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात ने भी राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। हालांकि इन मुलाकातों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में TMC के भीतर हो रहे बदलाव बंगाल की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकते हैं। फिलहाल सभी की नजर पार्टी नेतृत्व की अगली रणनीति पर टिकी हुई है।
Also Read: यूपी में 200 सीटों पर लड़ने की तैयारी में AIMIM, 14 जून को ओवैसी करेंगे अभियान की शुरुआत

