खान सर विवाद में नया मोड़, हमले के आरोपी और रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना के दो सबसे चर्चित शिक्षकों खान सर और ज्ञानबिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रोशन आनंद सर के बीच चल रहा विवाद अब एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया है। इस विवाद के बीच नेपाल से आई एक खबर ने सबको चौंका दिया है। खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में नामजद आरोपी और रोशन आनंद के सगे भाई प्रिंस की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

गौरतलब है कि इस पूरे विवाद के चलते ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद फिलहाल जेल में बंद हैं, वहीं दूसरी ओर खान सर पर भी लंबे समय तक गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी, जिन्हें हाल ही में कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली है।

नेपाल के होटल में मिला शव, दोस्त हिरासत में

पटना में खान सर के संस्थान पर हुए हमले और प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के बाद से ही प्रिंस पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल में फरारी काट रहा था। देर रात एक होटल के कमरे में उसका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ।

मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल की स्थानीय पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उस होटल में ठहरे प्रिंस के सभी दोस्तों और अन्य संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रोशन आनंद के परिजन और रिश्तेदार पटना से नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।

2021 से जुड़ा है विवाद, सोशल मीडिया पर साजिश की आशंका

यह पहली बार नहीं था जब प्रिंस का नाम खान सर से जुड़े किसी विवाद में आया हो। इससे पहले वर्ष 2021 में भी खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए पथराव और हमले के मामले में प्रिंस को मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था।

प्रिंस की इस अचानक और संदिग्ध मौत के बाद इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर यूजर्स और दोनों शिक्षकों के समर्थक इसे किसी बड़ी सुनियोजित साजिश का हिस्सा बता रहे हैं। हालांकि, बिहार और नेपाल पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।

Also Read: Lucknow News: ओमेक्स रेजीडेंसी पर सरकारी सड़क और नाले को कब्जाने का आरोप, कॉलोनी वासियों ने किया प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.