अमेरिका में मरीन कॉर्प्स का लड़ाकू विमान क्रैश, जंगल में भड़की भीषण आग

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के वाशिंगटन राज्य में एक बड़ा सैन्य विमान हादसा सामने आया है। मरीन कॉर्प्स का एक F/A-18 हॉर्नेट लड़ाकू विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश होने के साथ ही विमान रिमरॉक लेक के पास ओकानोगन-वेनात्ची नेशनल फॉरेस्ट में जा गिरा, जिससे वहां के जंगलों और झाड़ियों में भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि विमान के जमीन पर गिरने से ठीक पहले पायलट ने खुद को सुरक्षित इजेक्ट कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं और इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

कैलिफोर्निया के मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मीरामार से उड़ान भरने वाला यह लड़ाकू विमान मरीन एयरक्राफ्ट ग्रुप 11 और थर्ड मरीन एयरक्राफ्ट विंग का हिस्सा था। हादसे की खबर मिलते ही नैचेस फायर डिपार्टमेंट और कई स्थानीय एजेंसियों ने हेलीकॉप्टरों की मदद से जंगल में लगी आग को बुझाने का मोर्चा संभाल लिया है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्रैश के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ईरान के साथ पहले भी हो चुकी है तनातनी

सैन्य विमानों के हादसों के लिहाज से अमेरिकी वायुसेना के लिए पिछला कुछ समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। इससे पहले अप्रैल के महीने में ईरान के ऊपर अमेरिका का एक F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान मार गिराया गया था। उस वक्त भी दोनों क्रू मेंबर्स (पायलट और वेपन्स सिस्टम्स ऑफिसर) सुरक्षित बचने में कामयाब रहे थे। उसी दिन एक अन्य घटना में अमेरिका का A-10 थंडरबोल्ट विमान भी लापता हो गया था, जिसके पायलट को बाद में रेस्क्यू किया गया। उस समय ईरान ने अमेरिकी विमान को मार गिराने का दावा करते हुए मलबे की तस्वीरें जारी की थीं, हालांकि उन दावों की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो सकी थी।

Also Read: Bareilly News: अप्रशिक्षित लड़के कर रहे अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों संचालन, स्वास्थ्य विभाग पर संरक्षण का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.