‘मुझे बेरहमी से पीटा गया…’, प्लास्टिक पाइप से हमला, गला दबाने की कोशिश, बांग्लादेशी क्रिकेटर का सनसनीखेज आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश क्रिकेट से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
राष्ट्रीय टीम के ऑलराउंडर नयीम हसन ने चटगांव पुलिस पर मारपीट और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
26 वर्षीय नयीम हसन ने बताया कि वह डिवीजन क्रिकेट का मैच खेलने के बाद ढाका एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे।
इस दौरान वह एक ऑटो-रिक्शा में सवार थे, तभी चटगांव के लालखान बाजार इलाके के पास कुछ पुलिसकर्मियों ने उनका ऑटो रोक लिया। नयीम के मुताबिक, बिना कोई स्पष्ट कारण बताए पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गला दबाने की कोशिश भी की।
क्रिकेटर ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन एक दूसरे ऑटो-रिक्शा में बैठाकर थाने ले जाया गया। नयीम का कहना है कि आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रह चुके हैं, इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी।
नयीम हसन ने कहा, “पुलिस ने मुझे प्लास्टिक के पाइप और छड़ी से बेरहमी से पीटा। जब मैंने अपनी पहचान बताई तो थाना प्रभारी ने मुझसे आंखें नीची करके बात करने को कहा।

अगर वे वाकई कानून के तहत काम कर रहे होते, तो मुझे सीएनजी ऑटो-रिक्शा की जगह पुलिस जीप में ले जाते। मैं इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करता हूं।”
बताया जा रहा है कि नयीम शनिवार सुबह अपने घर लौट आए। इस घटना के सामने आने के बाद बांग्लादेश के सीनियर क्रिकेटर मुश्फिकुर रहीम भी नयीम के समर्थन में सामने आए हैं।
वहीं, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस मामले पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
गौरतलब है कि नयीम हसन ने साल 2018 में बांग्लादेश के लिए टेस्ट डेब्यू किया था, हालांकि उन्हें अब तक वनडे और टी20 खेलने का मौका नहीं मिला है। घटना ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

