भारत-पाक मैच से पहले हैंडशेक सवाल पर कप्तान हरमनप्रीत कौर का दो टूक जवाब, पत्रकार को लगाई फटकार
Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ करने जा रही है।
14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले हैंडशेक विवाद को लेकर भारतीय कप्तान Harmanpreet Kaur का सख्त रुख देखने को मिला है।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक पत्रकार ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले में खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा, तो हरमनप्रीत ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं। आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?” भारतीय कप्तान का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
हरमनप्रीत के जवाब से साफ संकेत मिला कि टीम का पूरा फोकस टूर्नामेंट और मैदान पर प्रदर्शन पर है, न कि मैदान के बाहर चल रही चर्चाओं पर।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर अटकलें तेज थीं, लेकिन भारतीय कप्तान ने इस मुद्दे को तवज्जो देने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि हैंडशेक को लेकर विवाद पहले भी सामने आ चुका है। एशिया कप 2025 के दौरान Suryakumar Yadav की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से न तो मैच के दौरान और न ही मुकाबले के बाद हाथ मिलाया था।
इसके बाद अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ हैंडशेक नहीं किया था। इससे पहले विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भी हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान Fatima Sana से हाथ नहीं मिलाया था।
टी20 में भारत का दबदबा
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक कुल 16 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है। दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच टाई या बिना नतीजे के समाप्त नहीं हुआ है।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी दोनों टीमें अब तक 8 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें भारत ने 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को 2 मैचों में जीत मिली है।
ऐसे में एक बार फिर भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

