समाजवाद की पाठशाला हैं गाँधीवादी राजनाथ शर्मा : उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को प्रख्यात गांधीवादी, समाजवादी चिंतक एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी राजनाथ शर्मा का कुशलक्षेम जाना।
उपमुख्यमंत्री बेलहरा (बाराबंकी) हाउस स्थित उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम को आवश्यक और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राजनाथ शर्मा के फेफड़ों में संक्रमण के चलते उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सीय परीक्षण के बाद उन्हें निमोनिया की शिकायत पाई गई थी। गुरुवार को वे अस्पताल से स्वस्थ होकर घर लौटे और वर्तमान में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजनाथ शर्मा के पुत्र मृत्युंजय शर्मा एवं धनंजय शर्मा से भी मुलाकात कर परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा, “राजनाथ शर्मा जैसी शख्सियतें समाज के लिए अनमोल धरोहर हैं। वे समाजवाद की पाठशाला हैं। आज के दौर में ऐसे राजनेता विरले हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।”
उपमुख्यमंत्री के इस आत्मीय एवं संवेदनशील व्यवहार की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम, वाल्मीकी नगर वार्ड के सभासद अश्विनी शर्मा शिवा, आशु लिपिक अंकुर वर्मा, पत्रकार पाटेश्वरी प्रसाद, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश दीक्षित, चौकी प्रभारी अनुराग पाठक, कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह, रंजय शर्मा, डॉ. अदिति शर्मा, जिला उपभोक्ता फोरम के पूर्व न्यायिक सदस्य हुमायूं नईम खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

