फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात, पिता ने बेटी की कुल्हाड़ी से की हत्या, पत्नी की हालत नाजुक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है।
थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी में एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राकेश राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
गुस्से में आकर राकेश ने अपनी बेटी मुस्कान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मामले को लेकर अनुज चौधरी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस वारदात के बाद नीलकंठ कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत और शोक का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

