नेपाल में संदिग्ध हालात में रौशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत पर खान सर की पहली प्रतिक्रिया आई सामने
Sandesh Wahak Digital Desk: ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शिक्षा जगत और छात्रों में शोक की लहर है।
इस मामले पर चर्चित शिक्षक खान सर की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। खान सर ने एक भावुक वीडियो संदेश जारी करते हुए घटना पर गहरा दुख जताया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
खान सर ने कहा कि जब उन्हें पहली बार इस घटना की जानकारी मिली, तो कुछ देर तक उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ।
उन्होंने कहा, “कुछ लोगों का कॉल आया कि सर, न्यूज़ देखिए… रौशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। हमें कुछ पल तक यकीन ही नहीं हुआ, लगा कोई मजाक कर रहा है।”
उन्होंने आगे बताया कि जब न्यूज और वीडियो सामने आए, तो उन्हें गहरा झटका लगा।
“कुछ लोग जब खबरें भेजने लगे, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। समझ नहीं आया कि यह सब कैसे और किस हालात में हो गया,” खान सर ने भावुक होते हुए कहा।
परिवार के प्रति जताई संवेदना
खान सर ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी खबर किसी को भी तोड़ देती है।
“दिल बैठ जाता है। दुश्मन के परिवार के साथ भी ऐसा न हो। हमसे जो भी संभव होगा, हम जरूर करेंगे। परिवार जब भी कहेगा, हम हर तरह की मदद के लिए तैयार हैं,” उन्होंने कहा।
साजिश की आशंका, जांच की मांग
खान सर ने इस मामले में साजिश की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा, “सबसे अजीब बात यह है कि इसमें कोई तीसरा व्यक्ति शामिल लग रहा है। पुलिस को जल्द से जल्द अपना आधिकारिक बयान जारी करना चाहिए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
“अगर कोई इसमें शामिल है, तो उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए,” खान सर ने कहा।
फिलहाल प्रिंस की मौत को लेकर नेपाल पुलिस की जांच जारी है और परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट व आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और पारदर्शी जांच की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: AI ने खोली आयुष्मान योजना में 655 करोड़ की गड़बड़ी, 2021 अस्पताल ब्लैकलिस्ट, 26 FIR दर्ज

