बहुसंख्यक समाज पर टिप्पणी से मचा बवाल, BJP ने कहा- यह जावेद नहीं, सपा की आवाज है
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बहुसंख्यक समाज को लेकर दिए गए विवादित बयान पर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने इसे हिंदू समाज का अपमान बताते हुए समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
दरअसल, मुरादाबाद में आयोजित PDA सम्मेलन के दौरान जावेद अली खान ने कहा था कि बीजेपी द्वारा फैलाए गए ‘जहर’ का असर बहुसंख्यक समाज पर पड़ा है और बहुसंख्यक समाज जहरीला हो गया है। उनके इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि जावेद अली का बयान उनका निजी बयान नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी की सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के जरिए हिंदू समाज के खिलाफ बयान दिलवाते हैं।
अनिल राजभर ने कहा, ‘आज जो जावेद अली ने कहा है, उसे प्रदेश और देश की जनता समझ रही है। यह बयान जावेद अली का नहीं, समाजवादी पार्टी का बयान है। यह सब अखिलेश यादव के इशारे पर सुनियोजित तरीके से कराया गया है।’
राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल करते हुए कहा, ‘क्या यह सच है कि जहां यादव समाज की आबादी ज्यादा है, वहां मुसलमानों को प्रताड़ित किया जाता है? क्या यादव समाज भी जहरीला हो गया है? अखिलेश यादव को इस पर जवाब देना चाहिए।’
मनोज पांडे ने भी साधा निशाना

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि यह बेहद तुच्छ और ओछी मानसिकता वाला बयान है। उन्होंने कहा कि भारत का बहुसंख्यक समाज हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चला है और देश की एकता को मजबूत किया है।
मनोज पांडेय ने कहा कि कुछ लोगों को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी कॉरिडोर और मथुरा में हो रहे विकास कार्यों से परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाजवादी पार्टी की बहुसंख्यक समाज के प्रति सोच को उजागर करते हैं।
दिनेश शर्मा ने भी सपा को घेरा

वहीं, बीजेपी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने भी जावेद अली के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जाति और सांप्रदायिकता की राजनीति करती रही है, जबकि सनातन धर्म मानव कल्याण और सबको साथ लेकर चलने की बात करता है।
BJP में सबका साथ सबका विकास
योगी सरकार में मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने जावेद अली के इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम करने वाली सरकार के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
Also Read: बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट पर बोलीं डिंपल यादव, राम मंदिर चढ़ावा चोरी से ध्यान भटकाने की साजिश

