Lucknow में घर का सपना होगा पूरा! LDA की दो मेगा योजनाएं लॉन्च, हजारों प्लॉटों के लिए खुलेगा आवेदन
Lucknow News: लखनऊ में अपना घर या प्लॉट खरीदने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) जल्द ही अपनी दो महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं – वरूण विहार और नैमिष नगर को एक साथ लॉन्च करने जा रहा है। दोनों योजनाओं के तहत करीब 3100 से अधिक आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों योजनाओं की लॉन्चिंग की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं और सड़क निर्माण कार्यों को भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए। दोनों योजनाओं में 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखंड उपलब्ध होंगे।
वरूण विहार बनेगा लखनऊ का नया ग्रोथ कॉरिडोर
आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे लगभग 6580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही वरूण विहार योजना को एलडीए की सबसे बड़ी परियोजनाओं में माना जा रहा है। यह योजना सदर और सरोजनीनगर तहसील के कई गांवों की भूमि पर विकसित की जा रही है।
LDA के अनुसार, योजना में लगभग 3.5 लाख लोगों को आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी नया विस्तार मिलेगा।
योजना के पहले चरण में कुल 1926 आवासीय भूखंड लॉन्च किए जाएंगे। इनमें कैलाश खंड के 1218 और काशी खंड के 708 भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा योजना में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, पार्क और वॉटर बॉडी विकसित की जाएगी। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, सेंट्रल पार्क और करीब 300 एकड़ का लॉजिस्टिक पार्क भी प्रस्तावित है।
नैमिष नगर में भी खुलेगा 1179 भूखंडों का पंजीकरण
IIM रोड के पास प्रस्तावित नैमिष नगर योजना को लखनऊ के उत्तरी हिस्से के विकास की नई धुरी माना जा रहा है। करीब 3600 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना के लिए बीकेटी क्षेत्र के कई गांवों की भूमि जुटाई जा रही है।
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, नैमिष नगर योजना के पहले चरण में 1179 आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इनमें ब्रह्मा खंड के 669 और भूमि खंड के 510 भूखंड शामिल हैं।
LDA का कहना है कि दोनों योजनाओं के लॉन्च होने के बाद राजधानी में सुनियोजित आवासीय विकास को नई गति मिलेगी और बड़ी संख्या में लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय विकल्प उपलब्ध होंगे।
Also Read: Lucknow: LDA की अनंत नगर योजना में 540 प्लॉट आवंटित

