Prayagraj में ट्रिपल मर्डर, एक ही परिवार के 3 लोगों की सिर कुचलकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Prayagraj Crime News: प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन लोगों के शव घर के पास पड़े मिले। नीबी कुकुरकटवा गांव में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी 60 वर्षीय इंद्रावती देवी और 55 वर्षीय अमरावती देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों के शव घर से करीब 20 मीटर दूर मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने तीनों पर सिर पर हमला कर उनकी हत्या की। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घर के पास मिले शव, कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना के पीछे किसी निजी विवाद या आपसी रंजिश का मामला हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
गांव में दहशत, पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया
तीन लोगों की एक साथ हत्या से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमें भी लगाई गई हैं।

