Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में समीर के पैर में लगी गोली, फोन और तमंचा बरामद

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की थाना सुभाषनगर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मोबाइल छिनैती करने वाले एक बेहद शातिर और इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। बरेली-बदायूं रोड पर हुई इस सीधी मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, इस दौरान उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर बाइक से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

बीडीए गेट के पास वारदात कर हुए थे फरार

पुलिस के मुताबिक, बीती 14 जून, 2026 को पुराना चांदमारी के रहने वाले विशाल पुत्र बाबूराम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया था कि 12 जून को जब वह रामगंगा से बरेली लौट रहा था, तभी बीडीए गेट के पास मोबाइल पर बात करने के दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका फोन छीन लिया और रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू की थी।

मंगलवार को जब सुभाषनगर थाना प्रभारी (SHO) अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो शातिर लुटेरे किसी नई वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरेली-बदायूं रोड पर कामाख्या देवी मंदिर जाने वाले रास्ते के पास जाल बिछाया। इसी दौरान रामगंगा की ओर से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम समीर (उम्र 27 वर्ष) पुत्र नसीम जावेद निवासी जगतपुर सब्जी मंडी (थाना बारादरी, बरेली) बताया। पुलिस ने समीर के पास से विशाल से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़ा गया अभियुक्त समीर बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में अपहरण ( व्यपहरण), चोरी, जालसाजी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों के पहले से ही 4 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पर फायरिंग करने के आरोप में समीर के खिलाफ एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: यूपी समेत चार राज्यों में जल्द हो सकते हैं विधानसभा चुनाव, बीजेपी ने तेज की तैयारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.