Badaun News: बदायूं में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 6 महिलाओं की मौत
Badaun Accident News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के मथुरा–बरेली हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
शादी समारोह के लिए भात मांगने जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक शादी समारोह के लिए भात मांगने ई-रिक्शा से जा रहे थे। रास्ते में अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। वहीं हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली की तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

