फिरोजाबाद में चलती मालगाड़ी में अचानक भड़की भीषण आग, 6 नई कारें जलकर हुई खाक

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बुधवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई। थाना लाइनपार क्षेत्र में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर चल रही एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक भीषण आग लग गई। मालगाड़ी में 6 नए चार पहिया वाहन लदे हुए थे। यह घटना रूपसपुर के पास हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

आग लगते ही आसमान में घना धुआं फैल गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं।

फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी शाम करीब 4 बजे टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रूपसपुर के पास उसके एक डिब्बे में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। 

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

डीएफसी का एक रूट अस्थायी रूप से बाधित

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडे ने बताया कि आग वाले डिब्बे में चार पहिया वाहन लदे थे। सुरक्षा कारणों से डीएफसी का एक रूट अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि दूसरे रूट पर ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से चलता रहा। दमकल कर्मियों ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.