Azamgarh News: हत्या और डकैती के कई मामलों में वांछित इनामी अपराधी चंद्रशेखर मुसहर STF के हत्थे चढ़ा

Sandesh Wahak Digital Desk: हत्या, डकैती और लूट समेत कई संगीन मामलों में वांछित और वर्ष 2016 में आज़मगढ़ कारागार से फरार हुए 1 लाख रुपये के इनामी अपराधी चंद्रशेखर उर्फ शेखर मुसहर को STF Uttar Pradesh ने गिरफ्तार कर लिया है।

यह कार्रवाई 16 जून 2026 को थाना सिधारी क्षेत्र के खेमपुर रोड नहर पुलिया (आज़मगढ़) के पास की गई। एसटीएफ को लंबे समय से फरार/इनामी अपराधियों की सक्रियता की सूचनाएं मिल रही थीं।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ (उप्र) के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सूचना संकलन कर दबिश दी और आरोपी को शाम करीब 6:30 बजे गिरफ्तार किया।

2016 में जेल से हुआ था फरार

पुलिस के मुताबिक, चंद्रशेखर उर्फ शेखर मुसहर वर्ष 2016 में आज़मगढ़ कारागार में निरुद्ध था। 18 अगस्त 2016 को रक्षाबंधन के दिन खाना बनाने के बाद बर्तन, चादर और गमछे की मदद से जेल की दीवार फांदकर वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया था।

इस मामले में थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज कर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

कई जघन्य वारदातों में नाम

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने गिरोह के साथ 2014 में जौनपुर, गाजीपुर, बलिया और आज़मगढ़ के विभिन्न थाना क्षेत्रों में डकैती के दौरान कई हत्याओं को अंजाम दिया।

इनमें डॉक्टर दंपती की हत्या, ग्रामीणों व पुजारियों की हत्या तथा गंभीर हमलों की घटनाएं शामिल हैं। फरवरी 2024 में एक मुठभेड़ के दौरान उसका साथी गिरफ्तार हुआ था, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।

आपराधिक इतिहास

चंद्रशेखर उर्फ शेखर मुसहर के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 2010 से 2024 के बीच एक दर्जन से अधिक मुकदमे विभिन्न थानों (गाजीपुर, जौनपुर, बलिया और आज़मगढ़) में दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी को थाना सिधारी, आज़मगढ़ में दर्ज संबंधित मुकदमे में दाखिल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: Bareilly News: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.