Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में अर्जुन हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, तमंचा बरामद

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत बारादरी थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए सनसनीखेज अर्जुन मर्डर केस में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को बारादरी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम के साथ हुई एक मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।

3 दिन पहले घर से बुलाकर की गई थी अर्जुन की हत्या

मामले के अनुसार, बीते सोमवार की रात करीब 11:30 बजे संजयनगर थाना बारादरी के रहने वाले अर्जुन पुत्र राकेश की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। परिजनों की तहरीर के मुताबिक, गांव के ही तीन युवक अर्पित मौर्य उर्फ पहाड़ी, कपिल और कुश, अर्जुन को उसके घर से बुलाकर मंदिर के पास तिराहे पर ले गए थे, जहां उन्होंने अर्जुन को गोली मार दी थी। इस संबंध में बारादरी थाने में अपराध संख्या 799/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 4 टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

गुरुवार को बारादरी थाना पुलिस डोहरा चौराहे पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि संजयनगर हत्याकांड के वांछित आरोपी अर्पित और कुश हारुन नगला रोड के रास्ते शहर से भागने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त पुलिस टीम ने एफसीआई गोदाम के पास मोर्चा संभाल लिया।

कुछ ही समय बाद भरतौल की तरफ से दो संदिग्ध युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को सामने देखकर दोनों बदमाशों ने गोदाम की तरफ दौड़ लगा दी। पुलिस कर्मियों ने जब उनका पीछा किया, तो खुद को घिरा पाकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा, जबकि उसका साथी कुश अंधेरे का लाभ उठाकर रफूचक्कर हो गया।

हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद

पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान अर्पित उर्फ पहाड़ी (पुत्र शोमेन्द्र मौर्य, निवासी संजयनगर) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में अर्पित ने कबूल किया कि उसने दो दिन पहले अपने साथियों के साथ मिलकर अर्जुन की हत्या की थी। उसने यह भी स्वीकारा कि जिस तमंचे से उसने पुलिस टीम पर गोली चलाई, उसी हथियार से अर्जुन को भी मौत के घाट उतारा गया था।

पुलिस ने घायल आरोपी अर्पित को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। इस मुठभेड़ के संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में एक और नया मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत पंजीकृत किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल से डिस्चार्ज होने और विस्तृत पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, फरार चल रहे सह-आरोपी कुश की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Siddharthnagar News: डीआईजी ने जिला जेल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओंं को देख हुए खुश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.