NEET को लेकर सरकार सख्त, Exam के वक्त सभी MBBS छात्र कैंपस में होंगे नजरबंद, छुट्टी भी रद्द

NEET UG Exam: नीट यूजी परीक्षा को लेकर इस बार प्रशासन कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं है। साल्वर गैंग और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं को देखते हुए मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले MBBS छात्रों के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा के दिन छात्रों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें अपने-अपने कॉलेजों में मौजूद रहने के लिए कहा गया है।

जानकारी के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले और परीक्षा समाप्त होने तक सभी MBBS छात्र-छात्राओं को मेडिकल कॉलेज परिसर में ही रहना होगा। इस दौरान उन्हें निर्धारित हॉल में रखा जाएगा और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

लखनऊ में 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा के लिए 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 35 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

अनुपस्थित छात्रों से मांगा जाएगा जवाब

मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिए गए हैं कि MBBS छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जो छात्र छुट्टी पर हैं, उन्हें भी तत्काल कॉलेज लौटने के लिए कहा गया है। परीक्षा के दिन छात्रों का क्लास और प्रैक्टिकल में शामिल होना अनिवार्य रहेगा।

यदि कोई छात्र बिना उचित कारण अनुपस्थित पाया जाता है तो उससे जवाब तलब किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद मेडिकल कॉलेजों को छात्रों की उपस्थिति और गतिविधियों से जुड़ी रिपोर्ट चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय को भेजनी होगी।

75 केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा

NEET को लेकर सरकार सख्त, Exam के वक्त सभी MBBS छात्र कैंपस में होंगे नजरबंद

NEET UG परीक्षा को लेकर लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था भी काफी सख्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 75 परीक्षा केंद्रों पर एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें एसीपी, उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल हैं।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

इन चीजों पर रहेगा पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग और मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी।

वहीं, परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल, एंटी रोमियो स्क्वाड और डायल-112 की टीमें भी लगातार गश्त करेंगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

Also Read: NEET छात्रों के लिए रेलवे चलाएगा Exam Special Train, जानें पूरा रूट और टाइमिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.