‘जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव’, SGPGI में गर्भाशय कैंसर पर विशेष कार्यक्रम, वॉरियर्स हुईं सम्मानित

Lucknow News: लखनऊ स्थित SGPGI में शनिवार को गर्भाशय कैंसर (Uterine Cancer) जागरूकता माह के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को इस बीमारी के जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों और समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना था। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया।

SGPGI के एच.जी. खुराना ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम का सबसे खास हिस्सा उन महिलाओं का सम्मान रहा, जिन्होंने गर्भाशय कैंसर से लड़कर नई जिंदगी हासिल की है। इन महिलाओं को ‘कैंसर वॉरियर्स’ के रूप में सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके संघर्ष और हौसले की कहानियां भी लोगों के सामने रखी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को काफी प्रेरित किया।

SGPGI के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन ने कहा कि गर्भाशय कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की। वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता और गायनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजिस्ट प्रो. अंजू रानी ने कैंसर वॉरियर्स का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

विशेषज्ञों ने बताए बचाव और समय पर जांच के फायदे

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भाशय कैंसर के कई मामलों में शुरुआती लक्षणों की समय पर पहचान और सही इलाज से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। कैंसर को मात दे चुकी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समय पर जांच, विशेषज्ञ उपचार और सकारात्मक सोच ने उन्हें इस गंभीर बीमारी से उबरने में मदद की।

कार्यक्रम के दौरान ओपन हाउस चर्चा, विशेषज्ञों की पैनल चर्चा, क्विज और पोस्टर प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने का संदेश दिया गया।

लगभग 250 महिलाओं ने SGPGI में आयोजन में भाग लिया और विशेषज्ञों से अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं के जवाब प्राप्त किए। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अंजू रानी, डॉ. इंदुलता, डॉ. सुषमा, डॉ. निधि सिंह समेत कई चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Also Read: Lucknow: आशियाना में जल्द खुलेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क, नजर आएगी पंचतंत्र की दुनिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.