राजभवन में आनंदीबेन पटेल ने मातृशक्ति संग किया योग, दिया योगा फॉर हेल्दी एजिंग का संदेश

Lucknow News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित राजभवन (जन भवन) में एक भव्य और प्रेरणादायी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भारी संख्या में जुटी मातृशक्ति (महिला प्रतिभागियों) के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर समाज को एक स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं, परिसर में स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक अन्य सत्र में राजभवन के समस्त पुरुष अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कुल मिलाकर लगभग 1,150 महिलाओं और 200 पुरुषों की अनुकरणीय भागीदारी रही।

इस विशेष अवसर पर कोलकाता से आयोजित मुख्य कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन और योग सत्र का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) किया गया, जिसे राजभवन में मौजूद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से देखा और सुना।

वृद्धावस्था में गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए योग बेहद ज़रूरी

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि एक समय था जब योग का दिव्य ज्ञान सिर्फ ऋषि-मुनियों और साधु-संतों तक सीमित था, लेकिन आज पीएम मोदी के प्रयासों से यह वैश्विक आंदोलन बन चुका है। राज्यपाल ने इस वर्ष की थीम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हमें वृद्धावस्था में सक्रिय, गुणवत्तापूर्ण और निरोग जीवन जीना है, तो योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना ही होगा। उन्होंने बच्चों में बढ़ते मोटापे पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से खुद योग करने और बच्चों को पौष्टिक आहार देने की अपील की।

राज्यपाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग को एक महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को गर्भ संस्कार केंद्र के रूप में अपग्रेड किया जाए। यहाँ स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को नौ महीनों तक उचित पोषण, सकारात्मक वातावरण, पठन-पाठन और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिया जाए ताकि गर्भ में पल रहे शिशु का मानसिक व शारीरिक विकास बेहतर हो सके।

राजभवन में आनंदीबेन पटेल ने मातृशक्ति संग किया योग

स्वास्थ्य और पर्यावरण का नया मॉडल बना जन भवन

राज्यपाल ने बताया कि राजभवन को अब सिर्फ एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि एक जीवंत स्वास्थ्य और पर्यावरण केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिसके तहत कई अभिनव प्रयोग किए जा रहे हैं। राजभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रत्येक तीन माह पर बॉडी मास इंडेक्स (BMI) जांच की जाती है। अब तक 636 कर्मियों का परीक्षण हो चुका है, जिसके लिए अत्याधुनिक ‘बॉडी कंपोजिशन एनालाइजर’ मशीन स्थापित की गई है।

जोड़ों के दर्द, मोटापा नियंत्रण और शारीरिक मुद्रा (पोस्चर) में सुधार के लिए 7 नवंबर, 2025 को इस अत्याधुनिक केंद्र की स्थापना की गई थी, जिससे अब तक 88 से अधिक कार्मिक और समाज के विभिन्न क्षेत्रों (पुलिस, चिकित्सा, राजनीति) के लोग लाभ उठा चुके हैं। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राजभवन के 300 से अधिक कर्मियों ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और उन्नाव के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों तक 464 किलोमीटर की साइकिल यात्रा निकालकर स्वच्छता, नशामुक्ति और वृक्षारोपण का संदेश दिया।

परिसर में मियावाकी तकनीक से तीन चरणों में करीब 12 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा बच्चों के संस्कार और मनोरंजन के लिए ‘पंचतंत्र परिसर’ का आधुनिकीकरण किया गया है, जहां बच्चे वीडियो के जरिए पंचतंत्र की 12 कहानियां डिजिटल माध्यम से सीखते हैं। साथ ही, यहाँ गंगोत्री से गंगासागर तक की पावन आध्यात्मिक यात्रा की एक सुंदर प्रतिकृति (मॉडल) और शिव के डमरू पर आधारित म्यूजिकल फाउंटेन भी तैयार किया जा रहा है।

राजभवन में आनंदीबेन पटेल ने मातृशक्ति संग किया योग

विश्व के 180 से अधिक देश अपना रहे हैं योग: राज्य मंत्री

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक संकल्प के कारण ही आज भारत सहित दुनिया के 180 से अधिक देश योग की शक्ति को लोहा मान रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि वे योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर वर्ष के सभी 365 दिन अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इस भव्य आयोजन में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, यूपी के भूतपूर्व सैनिकों की पत्नियों, लायंस क्लब, इनर व्हील, रेड क्रॉस, ब्रह्माकुमारी संस्था, आकांक्षा समिति, आयुष महाविद्यालय और लखनऊ के विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों की छात्राओं व शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Also Read: Balrampur News: सशस्त्र सीमा बल ने वीरपुर गांव में किया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, 70 पशुओं का हुआ इलाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.