Lucknow News: योग की शक्ति से एकजुट हुआ समाज, राजधानी में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

नम्रता पाठक बोलीं- योग केवल व्यायाम नहीं, मानवता को जोड़ने वाली जीवन साधना है

Lucknow News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में योग कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।

इस वैश्विक आयोजन के तहत देशभर में योग के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश दिया गया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

राजधानी लखनऊ में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

आलमबाग स्थित समर विहार कॉलोनी के सेंट्रल पार्क में सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेष पाठक की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी नम्रता पाठक रहीं।

योगाभ्यास के उपरांत अपने संबोधन में नम्रता पाठक ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।

उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि ऐसी जीवन साधना है जो पूरे मानव समाज को जोड़ने का कार्य करती है और स्वस्थ, संतुलित व सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय पूर्व पार्षद एवं समाजसेवी गिरिश मिश्रा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी मदद मिलती है। योग व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

इस अवसर पर समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपाल सिंह ऐबट सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, मानसिक शांति और मानवीय एकता का सशक्त आधार भी है।

राजधानी में हुए उत्साहपूर्ण आयोजनों ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वस्थ भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की।

Also Read: राजभवन में आनंदीबेन पटेल ने मातृशक्ति संग किया योग, दिया योगा फॉर हेल्दी एजिंग का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.