Balrampur News: सशस्त्र सीमा बल ने वीरपुर गांव में किया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, 70 पशुओं का हुआ इलाज

Balrampur News: सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी 50वीं वाहिनी) सामाजिक सरोकार के कार्यों में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। इसी कड़ी में, 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बलरामपुर के कमांडेंट संजय कुमार के कुशल दिशा-निर्देशन में एक विशेष निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ‘एफ’ समवाय सीमा चौकी त्रिलोकपुर के कार्यक्षेत्र में आने वाले सीमावर्ती गांव वीरपुर में लगाया गया।

इस चिकित्सा शिविर का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के गांवों में पशुपालकों को उनके दरवाजे पर ही उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में मुख्य रूप से निःशुल्क ओपीडी, पशुओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच, घावों की मरहम पट्टी और आवश्यक दवाइयों का मुफ्त वितरण किया गया।

इस पुनीत कार्य से वीरपुर और निकटवर्ती गांव चोरसी के कुल 70 पशुपालक और उनके पशु लाभान्वित हुए। चिकित्सा टीम ने जिन 70 पशुओं का सफल उपचार और जांच की, उनके आंकड़ों में 31 भैंस, 06 गाय और 33 बकरियां शामिल थीं। शिविर में पशुओं के स्वास्थ्य की जांच का मुख्य जिम्मा कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. चन्दन तालुकदार ने उठाया।

सशस्त्र सीमा बल ने वीरपुर गांव में किया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन

डॉ. चन्दन ने पशुओं का इलाज करने के साथ-साथ ग्रामीणों को पशुओं में होने वाली मौसमी बीमारियों, उचित पोषण और उनके बचाव के बारे में भी जागरूक किया।

इस विशेष कार्यक्रम के सुचारू संचालन में सहायक कमांडेंट दीपक चंद, निरीक्षक कैलाश चन्द, मुख्य आरक्षी अनिल डगर सहित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कई अन्य बल कार्मिकों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शिविर में स्थानीय लोगों का उत्साह भी देखने लायक था। गांव की ओर से ग्राम प्रधान चन्द शेखर प्रताप, गांव के सम्मानित व्यक्ति शिव पूजन के साथ-साथ भारी संख्या में अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ग्राम प्रधान और मौजूद ग्रामीणों ने एसएसबी के इस जन-कल्याणकारी कदम की खूब सराहना की। इस प्रकार के आयोजन न केवल पशुधन के स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि एसएसबी और सीमावर्ती नागरिकों के बीच आपसी सौहार्द और विश्वास को भी मजबूत करते हैं।

रिपोर्ट- योगेंद्र विश्वनाथ त्रिपाठी

Also Read: Balrampur News: पचपेड़वा में खुलेआम चल रहा फर्जी जावित्री क्लीनिक, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी और कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.