त्रिवेणी संगम पर उमड़ा योग का जनसैलाब, केशव मौर्य बोले– पीएम मोदी के भगीरथ प्रयासों से योग को मिली वैश्विक प्रतिष्ठा

Prayagraj News: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज के पवित्र त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित एक भव्य योग शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय और योग साधकों के साथ पूरे उत्साह व समर्पण भाव से सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर डिप्टी सीएम ने योग के प्रचार-प्रसार और समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रयागराज के गणमान्य नागरिकों तथा योग साधकों को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया।

केशव मौर्य बोले– पीएम मोदी के भगीरथ प्रयासों से योग को मिली वैश्विक प्रतिष्ठा

योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा को जोड़ने का विज्ञान है

संगम तट पर नागरिकों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने हमारे बुजुर्गों और मनीषियों के प्राचीन कथन को दोहराया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन ही जीवन का सबसे बड़ा धन है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह हमारे शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़ने का पवित्र विज्ञान है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत और भगीरथ प्रयासों का ही परिणाम है कि आज योग ने विश्व मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को एक नई और ऊँची प्रतिष्ठा प्रदान की है। पीएम मोदी के एक आह्वान पर आज दुनिया के लगभग 190 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक बड़े वैश्विक उत्सव के रूप में मना रहे हैं।

देश के वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक परिदृश्य पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सभी राज्यों की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासपरक नीतियों और उनके दूरदर्शी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। जनता का यही अटूट विश्वास देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रहा है।

इसके साथ ही, उन्होंने देश भर में परीक्षा दे रहे सभी नीट (NEET) परीक्षार्थियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश और केंद्र सरकार देश के युवाओं के साथ हर कदम पर मजबूती से खड़ी है।

केशव मौर्य बोले– पीएम मोदी के भगीरथ प्रयासों से योग को मिली वैश्विक प्रतिष्ठा

संगम तट पर जनभागीदारी का अनुपम उदाहरण

त्रिवेणी संगम पर आयोजित इस दिव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर ‘स्वस्थ एवं विकसित भारत’ के निर्माण का संकल्प लिया। इस भव्य योग शिविर में उपमुख्यमंत्री के साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रयागराज के सांसद प्रवीण पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य व दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी सहित क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read: Lucknow News: सेना की गोमती टास्क फोर्स ने योग संग दिया नदी संरक्षण का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.