वैभव सूर्यवंशी के बैट से आया तूफान, इंडिया ए ने श्रीलंका ए को हराकर जीता खिताब

India A vs Sri Lanka A Final 2026: दांबुला में खेले गए ट्राई-नेशन वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ए के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लेकिन यह फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। इंडिया ए ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन बना दिए और श्रीलंका के सामने 378 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में बनाएं 94 रन

भारतीय पारी की सबसे बड़ी खासियत 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी रही। उन्होंने मात्र 11 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और 29 गेंदों में 94 रन बनाकर श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। वैभव और प्रियांश आर्या ने पहले 3 ओवर में ही 50 रन पूरे कर दिए थे और 6.3 ओवर में 100 रन का आंकड़ा छू लिया था।

कप्तान तिलक वर्मा ने 90 गेंदों में 67 रनों की अहम पारी खेली और सीरीज में अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 रन बनाए जबकि प्रियांश आर्या ने 39 रन जोड़े। कुमार कुशाग्र ने 36 रन और अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों में 39 रनों की तेज पारी खेली, जिससे भारत का स्कोर 377 तक पहुंचा।

श्रीलंका की लड़खड़ाई पारी

378 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए की शुरुआत खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट गिराकर दबाव बनाए रखा। यश ठाकुर ने शुरुआती झटके दिए और निरोशन डिकवेला तथा अविष्का फर्नांडो को जल्दी आउट किया। सदीरा समरविक्रमा ने 52 रनों की पारी खेली लेकिन टीम को संभाल नहीं सके।

श्रीलंका की पूरी टीम 311 रन पर ऑलआउट हो गई। विजयकांथ व्यासकांथ ने 39 और वानुजा सहान ने 62 रन बनाए, लेकिन जीत से दूर रहे।

इंडिया ए ने इस शानदार प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका ए को 66 रनों से हराकर ट्राई-नेशन वनडे सीरीज का खिताब अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी इस फाइनल की सबसे बड़ी हाइलाइट रही।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.