CBSE ने जारी किए 12वीं Re-Evaluation के Result, ऐसे चेक करें अपनी अपडेट मार्कशीट
CBSE 12th Re-Evaluation Result: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के उन छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर दी है, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अपनी उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन (Verification) और पुनर्मूल्यांकन (Re-Evaluation) के लिए आवेदन किया था। बोर्ड ने इन आवेदनों के परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी करने शुरू कर दिए हैं। जिन छात्रों के अंकों में बदलाव हुआ है, उनकी संशोधित मार्कशीट (Updated Marksheet) DigiLocker पर उपलब्ध करा दी गई है।
CBSE के अनुसार, पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की गई है। बोर्ड ने बताया कि 21 जून 2026 तक करीब 87 फीसदी उम्मीदवारों के परिणाम जारी किए जा चुके हैं, जबकि बाकी परिणाम भी जल्द चरणबद्ध तरीके से जारी कर दिए जाएंगे।
DigiLocker पर मिलेगी नई Marksheet
जिन छात्रों के अंकों में सत्यापन या पुनर्मूल्यांकन के बाद बदलाव हुआ है, वे DigiLocker पर लॉगिन कर अपनी अपडेटेड मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिकॉर्ड में सभी आवश्यक संशोधन कर दिए गए हैं।
इस वर्ष CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 13 मई 2026 को घोषित किया था। परीक्षा में करीब 17.69 लाख छात्र शामिल हुए थे। परिणाम के बाद छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने, सत्यापन कराने और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने का अवसर दिया गया था।
IIT विशेषज्ञों की निगरानी में हुई प्रक्रिया
CBSE ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए Digital India Corporation, IIT Kanpur और IIT Madras के तकनीकी विशेषज्ञों का सहयोग लिया गया। इन संस्थानों ने सिस्टम को साइबर खतरों और अनधिकृत पहुंच से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बोर्ड का कहना है कि जहां भी छात्रों के दावे सही पाए गए, वहां अंकों में आवश्यक संशोधन कर रिकॉर्ड अपडेट किए गए हैं।
‘No Change’ वाले छात्रों को भी मिलेगा मौका
CBSE ने यह भी घोषणा की है कि जिन छात्रों के सत्यापन परिणाम में “No Change” दर्ज किया गया है, उन्हें भी अपनी उत्तर पुस्तिका संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में देखने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए अलग से कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।
Also Read: CUET UG Result 2026: रिजल्ट का इंतजार खत्म, इस तारीख तक आ सकता है स्कोरकार्ड

