7 मर्डर, बैंक डकैती और दारोगा हत्याकांड, कुख्यात ललन सिंह पुलिस-STF मुठभेड़ में मारा गया

UP Crime News: लंबे समय से यूपी और बिहार पुलिस के लिए सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। सहारनपुर में रविवार देर रात STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह को गोली लगी, जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, ललन सिंह पर हत्या, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। वह कई राज्यों की पुलिस के रडार पर था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।

दारोगा की हत्या से लेकर बैंक डकैती तक का अपराध

बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव का रहने वाला ललन सिंह पूर्वांचल और बिहार में आतंक का पर्याय बन चुका था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके गिरोह पर दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों की हत्या के आरोप हैं।

उसका नाम नवंबर 2022 में वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर उनकी सर्विस पिस्टल लूटने की वारदात में भी सामने आया था। वहीं चंदौली में हुई डकैती और गोलीबारी की घटना में भी वह वांछित था। इसके अलावा बैंक डकैती और कैश वैन लूट जैसी कई बड़ी घटनाओं को भी उसने अंजाम दिया था।

ऐसे हुआ ललन सिंह का एनकाउंटर

एएसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में STF और सहारनपुर पुलिस की टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर संदिग्धों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना बदमाशों से हो गया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में ललन सिंह घायल हो गया।

उसे पहले सीएचसी सरसावा और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फरार साथी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

वाराणसी में ₹1 लाख, चंदौली में ₹25 हजार का था इनाम

ललन सिंह की गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस आयुक्त ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कई एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हुई थीं, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा देता रहा।

अधिकारियों का मानना है कि ललन सिंह के मारे जाने के बाद उसके नेटवर्क और पुराने आपराधिक मामलों से जुड़े कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं। पुलिस अब उसके फरार साथी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में अभियान चला रही है।

Also Read: अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में MP से एक आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.