दतिया में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बवाल, हाईवे जाम और पथराव, SP समेत 8 पुलिसकर्मी घायल
MP Politics: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा में टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानून-व्यवस्था की चुनौती बन गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों का विरोध तेज हो गया। हालात बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है।
हाईवे पर 20 किलोमीटर तक लगा जाम
प्रशासन के आदेश के बाद बिना अनुमति किसी भी तरह की सभा, जुलूस, धरना और प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर भी प्रतिबंध रहेगा। यह कदम चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
शुक्रवार शाम शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार तड़के उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया। इससे हजारों वाहन घंटों तक फंसे रहे। पुलिस ने जाम हटाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों से झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया। इसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और एक वाहन पलट गया।
एसपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल
पथराव की घटना में दतिया एसपी, एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। कुछ समर्थकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। सभी घायलों का इलाज कराया गया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
बड़ौनकलां में जाम की सूचना के बाद प्रशासन ने दतिया भाजपा कार्यालय में करीब 250 कार्यकर्ताओं को रोक दिया। कार्यालय के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई।
वहीं टिकट बदलाव से नाराज भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण समेत कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया। नगर मंत्री और भाजपा कोषाध्यक्ष ने भी पद छोड़ दिया। समर्थकों का दावा है कि कई भाजपा पार्षदों ने भी सामूहिक इस्तीफे दिए हैं।
दतिया विधानसभा उपचुनाव 30 जुलाई को होना है। ऐसे में भाजपा के अंदर बढ़ता विरोध चुनावी माहौल को और गरमा रहा है।

