‘2029 लोकसभा-विधानसभा चुनाव होंगे एक साथ’, JPC अध्यक्ष P.P. Chaudhary का बड़ा दावा

Sandesh Wahak Digital Desk: देश में ‘One Nation, One Election’ को लेकर बहस के बीच संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद पी.पी. चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। लखनऊ दौरे पर उन्होंने दावा किया कि सरकार की तैयारी है कि 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि इसकी जरूरत पड़ी तो कानूनों में भी बदलाव किया जा सकता है।

लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान चौधरी ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से प्रशासनिक संसाधनों और समय की बर्बादी होती है। उनका दावा है कि देशभर में आम जनता ‘एक देश-एक चुनाव’ के पक्ष में अपनी राय दे रही है और इससे लोकतंत्र भी अधिक मजबूत होगा।

‘1952 से 1967 तक साथ हुए थे चुनाव’

पी.पी. चौधरी ने कहा कि देश में 1952 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे। उनके मुताबिक उस समय संसाधन सीमित थे, जबकि आज पर्याप्त ईवीएम, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी व्यवस्था उपलब्ध है। ऐसे में एक साथ चुनाव कराना पहले की तुलना में ज्यादा आसान है।

‘जरूरत पड़ी तो कानून भी बदलेंगे’

उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल अलग समय पर समाप्त होगा, वहां समाधान निकालने के लिए सरकार आवश्यक कानूनी प्रावधान ला सकती है। भाजपा शासित राज्यों की सरकारें जरूरत पड़ने पर विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव भी दे सकती हैं, ताकि चुनाव लोकसभा के साथ कराए जा सकें।

जेपीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल इसलिए ‘One Nation, One Election’ का विरोध कर रहा है ताकि इसका राजनीतिक श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न मिले। उन्होंने कहा कि समिति विभिन्न राजनीतिक दलों, चुनाव आयोग, विधि विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों से सुझाव लेकर व्यापक सहमति के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है।

सरकार गिरने की स्थिति पर भी विचार

चौधरी ने बताया कि यदि किसी राज्य में सरकार समय से पहले गिरती है, तो ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए भी समिति विकल्पों पर विचार कर रही है। One Nation, One Election का उद्देश्य केवल चुनावों की संख्या कम करना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है।

Also Read: अखिलेश यादव की सोनम वांगचुक से अपील, खत्म करें अनशन, BJP पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.