UP में बड़ा ऐलान: अब दिव्यांग और बुजुर्गों के घर तक पहुंचेगा राशन, MSP पर भी बड़ा अपडेट

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब दिव्यांग और अकेले रहने वाले बुजुर्ग राशन कार्ड धारकों को राशन लेने के लिए दुकान तक नहीं जाना पड़ेगा। सरकार उनके घर तक राशन पहुंचाएगी। इसके साथ ही किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद का दायरा भी लगातार बढ़ाया जा रहा है।

लोकभवन में आयोजित प्रेस वार्ता में खाद्य एवं रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सिर्फ असहाय या शारीरिक रूप से अक्षम होने की वजह से राशन से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को तकनीक आधारित और अधिक पारदर्शी बनाया गया है, जिससे जरूरतमंदों तक समय पर खाद्यान्न पहुंच रहा है।

राशन वितरण व्यवस्था में हुए कई बदलाव

मंत्री ने बताया कि जुलाई 2026 से लाभार्थियों को एसएमएस के जरिए यह जानकारी भेजी जा रही है कि राशन कब दुकान पर पहुंचेगा और कब उसका वितरण होगा। वहीं, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के डिपो से उचित दर की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने वाले वाहनों की जीपीएस (GPS) से निगरानी की जा रही है, ताकि पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जा सके और किसी तरह की गड़बड़ी न हो।

MSP पर खरीद बढ़ने से किसानों को फायदा

सरकार का कहना है कि किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद का दायरा भी लगातार बढ़ाया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य था, लेकिन सरकार ने 62.30 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा, जिससे 10.53 लाख किसानों को लाभ मिला। वहीं, वर्ष 2017-18 से 2026-27 तक 55.89 लाख किसानों से 265.82 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है और भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया गया।

सरकार ने बताया कि अब ज्वार, मक्का और बाजरा जैसी फसलों की भी एमएसपी पर खरीद बढ़ाई जा रही है। वर्ष 2025-26 तक 26,972 किसानों से 1.03 लाख मीट्रिक टन ज्वार, 34,578 किसानों से 1.51 लाख मीट्रिक टन मक्का और 1.48 लाख किसानों से 7.13 लाख मीट्रिक टन से अधिक बाजरा खरीदा जा चुका है।

Also Read: ‘2029 लोकसभा-विधानसभा चुनाव होंगे एक साथ’, JPC अध्यक्ष P.P. Chaudhary का बड़ा दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.