UP के सबसे उम्रदराज सपा विधायक आलमबदी का निधन, अखिलेश यादव और सतीश महाना समेत दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

Azamgarh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में ईमानदारी और सादगी की मिसाल माने जाने वाले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व सबसे उम्रदराज विधायक जनाब आलम बदी आजमी का निधन हो गया है। 90 वर्षीय आलम बदी ने आजमगढ़ के कुर्मी टोला स्थित अपने बेहद साधारण आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लखनऊ के एक अस्पताल में उनका इलाज भी चल रहा था। गुरुवार शाम चार बजे हर्रा की चुंगी (जामेतुरशाद) स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्दे-खाक किया जाएगा।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई से लेकर 5 बार विधायक बनने का सफर

16 मार्च, 1936 को आजमगढ़ के बिन्दवल गांव में जन्मे आलम बदी ने इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा हासिल किया था। वह सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। निजामाबाद सीट से वह पहली बार 1996 में विधानसभा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने 2002, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार को 34,000 से अधिक वोटों से हराया था। साठ सालों के लंबे राजनीतिक सफर के बावजूद उनके खिलाफ एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।

मौजूदा दौर की राजनीति में जहां जन प्रतिनिधि लग्जरी गाड़ियों और महलों में नजर आते हैं, वहीं आलम बदी जीवनभर आजमगढ़ के अपने पुराने टीनशेड वाले मकान में ही रहे। गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय वह अक्सर रोडवेज बसों, साइकिल या स्कूटर से सफर करना पसंद करते थे। सपा सरकार के दौरान उन्हें कई बार मंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया, लेकिन उन्होंने जनता के बीच रहकर सेवा करने की बात कहकर इसे विनम्रतापूर्वक ठुकरा दिया था।

राजनीतिक जगत में शोक की लहर

उनके जाने से प्रदेश के सियासी गलियारों में शोक छा गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि आलम बदी साहब का इंतकाल पार्टी और समाज के लिए एक अत्यंत दुखद क्षति है। वहीं, यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी सादगी, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन का समर्पण प्रदेश की राजनीति के लिए हमेशा स्मरणीय और प्रेरणादायक रहेगा। आलम बदी अपने पीछे पत्नी कुदसिया खान, 6 बेटों, 1 बेटी और भरे-पूरे परिवार को छोड़ गए हैं।

Also Read: ईरान परमाणु मुद्दे पर बोले डोनाल्ड ट्रंप, किसी कीमत पर नहीं बनने देंगे न्यूक्लियर वेपन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.