कमल की आकृति में बनेगी यूपी की नई विधानसभा, 700 सीटों वाले सदन का डिजाइन तैयार
UP New Assembly: उत्तर प्रदेश की नई विधानसभा का प्रस्तावित डिजाइन सामने आ गया है। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की करीब 200 एकड़ जमीन पर बनने वाला यह परिसर आधुनिक तकनीक, भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों का अनूठा संगम होगा। इस परियोजना का नक्शा लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में जमा कर दिया गया है। ऊपर से देखने पर मुख्य विधानसभा भवन कमल के फूल की पंखुड़ियों जैसा दिखाई देगा।
700 सीटों वाली विधानसभा
प्रस्तावित परिसर में 700 सीटों वाली विधानसभा, 200 सीटों वाली विधान परिषद और 1,000 सीटों की क्षमता वाला संयुक्त अधिवेशन सभागार बनाया जाएगा। वर्तमान विधानसभा में 403 और विधान परिषद में 100 सीटों की व्यवस्था है। भविष्य में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए नई इमारत की क्षमता बढ़ाई गई है।
इस भवन की एक खास विशेषता जिलेवार बैठक व्यवस्था होगी। प्रदेश के हर जिले से चुने गए जनप्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए जाएंगे। इससे प्रतिनिधियों की पहचान, समन्वय और प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। इसे देश की विधानसभाओं में एक अभिनव व्यवस्था माना जा रहा है।
5 हजार वाहनों की पार्किंग
करीब 35 लाख वर्गफुट में विकसित होने वाले इस परिसर में 39 प्रतिशत क्षेत्र विधायी कार्यों, 22 प्रतिशत सचिवालय एवं प्रशासनिक गतिविधियों, 12 प्रतिशत सार्वजनिक और ज्ञान केंद्रों, 11 प्रतिशत सहायक सुविधाओं तथा 16 प्रतिशत साझा सेवाओं और तकनीकी ढांचे के लिए निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा परिसर में 5,000 वाहनों की पार्किंग, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, सौर ऊर्जा आधारित संरचनाएं और प्रत्येक जिले के प्रतिनिधियों के लिए अलग बैठक कक्ष बनाए जाएंगे। भवन को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि वह अगले 100 वर्षों तक प्रदेश की विधायी और प्रशासनिक जरूरतों को पूरा कर सके।
Also Read: अनंतनाग में पुलिसकर्मी की हत्या के बाद लश्कर के दो आतंकियों के मकान ढहाए गए

