लखनऊ में पूर्व सपा विधायक के अवैध कॉम्प्लेक्स पर चला LDA का बुलडोजर, 3000 वर्गमीटर जमीन कराई मुक्त
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जियामऊ इलाके में गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के प्रवर्तन जोन-6 की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एलडीए ने पूर्व सपा विधायक रामपाल के अवैध कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। यह निर्माण नजूल की करीब 3000 वर्गमीटर की कीमती जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके बनाया गया था, जिसकी वजह से लंबे समय से अटकी एक सड़क परियोजना रुकी हुई थी।
500 मीटर लंबी बनेगी नई सड़क
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस खाली कराई गई जमीन पर कुल 500 मीटर लंबी नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसमें जियामऊ पेट्रोल पंप की तरफ लगभग 300 मीटर और जियामऊ बस्ती की दिशा में 200 मीटर की सड़क शामिल है। अवैध निर्माण हटने से अब इस क्षेत्र में आवागमन को आसान बनाने वाली सार्वजनिक परियोजना का काम तेजी से शुरू हो सकेगा।
2016 में सपा सरकार के दौरान शुरू हुई थी कार्रवाई
दिलचस्प बात यह है कि इस अवैध कब्जे को हटाने की पहली कोशिश वर्ष 2016 में तत्कालीन सपा सरकार के शासनकाल में ही हुई थी। उस वक्त एलडीए ने आंशिक ध्वस्तीकरण किया था, लेकिन किसी कारणवश अभियान बीच में ही रुक गया था। अब प्राधिकरण ने दोबारा पूरी तैयारी के साथ व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए पूरी जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया है।
जिस जगह यह ध्वस्तीकरण हुआ है, उसके ठीक पास ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नया राज्य मुख्यालय प्रस्तावित है। फिलहाल वहाँ तक जाने के लिए कोई मुख्य संपर्क मार्ग नहीं है, जिसे देखते हुए इस सड़क का प्रस्ताव लाया गया है। हालाँकि, एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा के लिए बनाई जा रही एक सामान्य सार्वजनिक सड़क परियोजना है। एलडीए प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि शहर में नजूल भूमि और सार्वजनिक विकास कार्यों में बाधा डालने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

